Uncategorized

उत्तर भारत तप रहा है: बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर, भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल

नई दिल्ली: उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। यूपी, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई इलाकों में पारा सामान्य से 5 डिग्री से अधिक ऊपर पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शनिवार को देश का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जो सामान्य से 6.2 डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है।
तेज धूप और लू के कारण दिन के समय सड़कें और बाजार सुनसान नजर आ रहे हैं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी का असर पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है, जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तर भारत में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
आईएमडी ने यह भी बताया है कि कई क्षेत्रों में रातें भी गर्म बनी रहेंगी, जिससे लोगों को दिन ही नहीं बल्कि रात में भी राहत नहीं मिलेगी। वहीं तटीय और पूर्वी इलाकों में गर्मी के साथ उमस लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है।
फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Comment here