रचनात्मकता, नवाचार और वैश्विक संस्कृति के रंगों से सजे एक अनूठे आयोजन का मंच बना नोएडा स्थित AAFT स्कूल ऑफ फैशन एंड डिज़ाइन, जहां AAFT स्कूल ऑफ इंटीरियर डिज़ाइन द्वारा आयोजित ‘डिस्प्ले डिज़ाइन प्रोजेक्ट’ में स्टूडेंट्स की प्रतिभा और वैश्विक सोच का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद सभी अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर AAFT यूनिवर्सिटी ऑफ मीडिया एंड आर्ट्स के चांसलर एंड आईसीएमईआई के प्रेसिडेंट डॉक्टर संदीप मारवाह, एंबेसी ऑफ रशिया एवगेनी एंटोनोव, आर्किटेक्ट राजेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इस दौरान डॉक्टर संदीप मारवाह ने कहा कि रचनात्मकता और नवाचार किसी भी विद्यार्थी की सबसे बड़ी पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट्स स्टूडेंट्स को वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं अतिथियों ने स्टूडेंट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि डिज़ाइन केवल कला नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों और विचारों को जोड़ने का एक प्रभावशाली माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स ने ब्राज़ील, चीन, डीपीआर कोरिया, फ्रांस, जॉर्जिया, भारत, जापान, मॉरीशस, मोरक्को, रूस, श्रीलंका, थाईलैंड और ग्रीस जैसे देशों की संस्कृति और विरासत से प्रेरित डिज़ाइन प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए, जिन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉक्टर संदीप मारवाह ने अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को अवॉर्ड देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

Comment here