Uncategorized

असम पुलिस का गौरव: पति-पत्नी IPS जोड़ी को मिला राष्ट्रीय सम्मान

गुवाहाटी: असम पुलिस के इतिहास में इस स्वतंत्रता दिवस एक अनोखा अध्याय जुड़ने जा रहा है। राज्य के एक आईपीएस दंपत्ति को राष्ट्र सेवा के लिए प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित किया जाएगा।

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त एवं 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी पार्थ सारथी महांता को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। श्री महांता, जो असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के प्रमुख भी हैं, को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और पुलिसिंग में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। उनके नेतृत्व में असम पुलिस ने कई बड़े अभियानों को अंजाम दिया है, जिनमें बांग्लादेश स्थित आतंकवादी संगठन अंसार-उल-बांग्ला टीम (ABT) के स्लीपर सेल का भंडाफोड़, नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खात्मा और आईएसआईएस इंडिया के प्रमुख हारिस फारूकी तथा उसके सहयोगी अनुराग सिंह की गिरफ्तारी जैसे महत्वपूर्ण ऑपरेशन शामिल हैं।

हाल ही में, सेना की खुफिया इकाई की मदद से उनके निर्देशन में ऑपरेशन घोस्ट सिम चलाया गया, जिसमें पाकिस्तान से जुड़े फर्जी सिम कार्ड रैकेट का पर्दाफाश हुआ और देशभर से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इस वर्ष गृह मंत्रालय द्वारा असम पुलिस के 17 अधिकारियों को राष्ट्रीय पदक प्रदान किए जा रहे हैं— जिनमें 3 को पुलिस वीरता पदक, 13 को पुलिस सराहनीय सेवा पदक और 1 को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक दिया जाएगा।

श्री महांता की पत्नी और असम पुलिस की उप महानिरीक्षक (CWR), आईपीएस इंद्राणी बरुआ को संकट की स्थिति में उत्कृष्ट सेवा के लिए मुख्यमंत्री का विशेष सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। राज्यपाल द्वारा घोषित राज्य स्तरीय पुलिस पुरस्कारों में 9 अधिकारियों को मुख्यमंत्री का विशेष सेवा पदक और 35 अधिकारियों को मुख्यमंत्री पुलिस पदक फॉर आउटस्टैंडिंग सर्विस से सम्मानित किया जाएगा।

इस उपलब्धि से असम पुलिस के गौरव में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है, जो देशभर में इसकी पेशेवर क्षमता और समर्पण का प्रमाण है।

Comment here