शनिवार तड़के गोतस्करों का पीछा करते वक्त बाइक सवार गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आरोप है कि कोटवन चौकी के नवीपुर इलाके के पास गोतस्करों ने उन्हें वाहन से कुचल दिया।
जानकारी के मुताबिक, ईद के मद्देनज़र गोवंशी से भरे वाहनों को पकड़ने के लिए गोरक्षक हाईवे पर सक्रिय थे। सुबह करीब 4 बजे बाबा अपने साथियों के साथ एक संदिग्ध कंटेनर का पीछा कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही गोरक्षकों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने छाता कट के पास हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
इस दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया और हालात बिगड़ते चले गए। भीड़ ने पथराव किया और फायरिंग की घटनाएं भी सामने आईं। कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। जिले के कई थानों की फोर्स और पीएसी को मौके पर बुलाया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और प्लास्टिक पैलेट का इस्तेमाल किया गया।
पथराव में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। डीआईजी के नेतृत्व में पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लिया।
करीब साढ़े 11 बजे पुलिस ने हाईवे से जाम खुलवाया, लेकिन इलाके में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।
हाईवे पर हंगामा: ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद बवाल, पथराव-फायरिंग में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

Related tags :
Comment here