Uncategorized

वंदे मातरम को ‘जन गण मन’ के बराबर दर्जा देने की तैयारी, कैबिनेट ने संशोधन प्रस्ताव को दी मंजूरी

पश्चिम बंगाल चुनाव में बड़ी जीत के बाद केंद्र सरकार ने एक अहम और चर्चित फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण कानून में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

सरकार के इस प्रस्ताव के तहत अब ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान दर्जा देने की तैयारी की जा रही है। मौजूदा कानून में राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान के अपमान या उसमें बाधा डालने पर सजा का प्रावधान है, लेकिन संशोधन के बाद ‘वंदे मातरम’ को भी इस सूची में शामिल किया जाएगा।

इस बदलाव के लागू होने के बाद ‘वंदे मातरम’ का अनादर या उसके नियमों का पालन न करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आ सकता है। सरकार का मानना है कि यह कदम देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान को और मजबूत करेगा।

बता दें कि इस प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस भी तेज होने की संभावना है, क्योंकि ‘वंदे मातरम’ के उपयोग और अनिवार्यता को लेकर पहले भी अलग-अलग मत सामने आते रहे हैं।

Comment here