Uttar Pradesh

क्रॉसिंग रिपब्लिक की रामलीला का भव्य समापन, नम आँखों से विदाई

​क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद:
क्रॉसिंग रिपब्लिक सांस्कृतिक समिति, CROMA और CIPL के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय भव्य श्रीरामलीला का कल प्रभु श्री राम के राजतिलक एवं भव्य ‘श्रीराम दरबार’ के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ।

क्रॉसिंग रिपब्लिक की यह रामलीला पूरे क्षेत्र में अपनी अनूठी मिसाल के लिए प्रसिद्ध है, जिसका मंचन किसी पेशेवर मंडली द्वारा नहीं, बल्कि यहीं के स्थानीय निवासियों द्वारा किया जाता है।

​इस मंचन की सबसे बड़ी विशेषता पीढ़ियों का यह अद्भुत संगम है, जहाँ बच्चों और युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने विभिन्न पात्रों को मंच पर जीवंत किया। इतना ही नहीं, कई दृश्यों में तो पूरे-पूरे परिवार एक साथ मंच पर अभिनय करते नज़र आए।

​विगत 3 महीनों की कड़ी रिहर्सल और स्थानीय संजीदा परिवारों के दिन-रात के सामूहिक सहयोग से यह भव्य आयोजन सफल हो सका।

​समापन समारोह के अवसर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक सांस्कृतिक समिति द्वारा सभी कलाकारों, सहयोगी परिवारों और व्यवस्थापकों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

​समापन का क्षण अत्यंत भावुक रहा। लगातार 3 महीने के अभ्यास और 10 दिनों के मंचन के दौरान जो अपनापन और पारिवारिक माहौल बना, विदाई के समय उसके चलते सभी कलाकारों की आँखें नम हो गईं। साझा की गई खूबसूरत यादों को समेटे सभी निवासी अपने दैनिक जीवन की ओर लौटे, साथ ही अगले वर्ष इस मंचन को और भी अधिक भव्य व दिव्य स्वरूप देने के संकल्प के साथ पावन मंच को नमन किया।

Comment here