Health

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड: ICU में लगी आग से 5 की मौत, स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर सियासत तेज

बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में लगी भीषण आग ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल के ICU में आग लगने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए। हादसे के बाद पूरे राज्य में अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार अस्पताल के ICU में शॉर्ट सर्किट के बाद एसी में ब्लास्ट हुआ, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते घना धुआं पूरे अस्पताल में भर गया और मरीजों व उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पांचवीं मंजिल पर स्थित ICU में फंसे मरीजों को बाहर निकालने के लिए दमकल विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस बीच हादसे के कुछ घंटों बाद ही बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना से दिल्ली रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब उनसे मुजफ्फरपुर हादसे को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। मंत्री की इस चुप्पी को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि राज्य में इतनी बड़ी घटना हो जाती है और स्वास्थ्य मंत्री दिल्ली दौरे पर निकल जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि CAG रिपोर्ट के अनुसार बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से ही ICU में है और अब अस्पतालों में इस तरह की घटनाएं मरीजों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करती हैं।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्थाओं की स्थिति पर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं

Comment here