कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार आम लोगों को ट्रैफिक जाम और रास्ते बंद होने की परेशानी से बड़ी राहत मिलने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ियों की आस्था और आमजन की सुविधा के बीच संतुलन बनाते हुए अहम फैसला लिया है।
सरकार ने तय किया है कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन जारी रहेगा। खास बात यह है कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे हल्के वाहनों के लिए बंद नहीं किया जाएगा। साथ ही दिल्ली-रुड़की हाईवे पर 29 जुलाई की रात 12 बजे से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी, ताकि कांवड़ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।
यह फैसला सोमवार को कमिश्नर सभागार में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया, जिसमें मुख्य सचिव एसपी गोयल, डीजीपी राजीव कृष्ण के साथ दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बता दें कि बैठक के बाद डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि इस बार सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है। पिछले वर्षों के अनुभवों और मुजफ्फरनगर की घटनाओं से सीख लेते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ एटीएस कमांडो भी तैनात किए जाएंगे।

Comment here