Politics

पप्पू यादव का सरकार पर हमला, 16 अगस्त को भूख हड़ताल का ऐलान

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। वैशाली में मृत ठेकेदार रामनरेश राय के परिजनों से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने 16 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में एक दिवसीय भूख हड़ताल करने की घोषणा की।

बता दें कि पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार हत्या और आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। रामनरेश राय की हत्या का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और अपराध पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आंदोलन के जरिए सरकार पर अपराध और छात्रों से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने का दबाव बनाया जाएगा। पप्पू यादव ने यह भी चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का रास्ता अपना सकते हैं। इसके बाद बिहार बंद का आह्वान करने की बात भी उन्होंने कही।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे को लेकर भी पप्पू यादव ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष का आंदोलन जारी रहेगा और सरकार के खिलाफ संघर्ष आगे भी जारी रखा जाएगा।

Comment here