ब्रह्मानंद झा, संवादाता: बिहार में चक्रवात यास के कारण कुल सात लोगों की मौत हो गई जबकि चक्रवाती तूफान के मद्देनजर कम दबाव का क्षेत्र बनने से शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई. पटना, दरभंगा, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, गया और भोजपुर में चक्रवात से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एक आधिकारिक बयान में यहां कहा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चक्रवात यास के कारण व्यक्तियों की मौतों पर दुख जताया है। नीतीश कुमार ने मरने वालों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का तत्काल भुगतान करने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने साथ ही यह भी निर्देश दिया कि बेगूसराय में चक्रवात से घायल चार व्यक्तियों और गया और बांका में एक-एक घायल को उचित चिकित्सा प्रदान की जाए. नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों से मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों के अनुसार सभी सावधानी बरतने की अपील की और आश्वासन दिया कि बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति तथा वाहनों के आवागमन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment here