Uncategorized

प्रदूषण मुक्त भारत की ओर कदम: नई दिल्ली से शुरू हुई IFEVA द्वारा भारत महा ईवी रैली

नई दिल्ली। विश्व की सबसे लंबी इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) रैली – भारत महा ईवी रैली – का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय संगठन इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल एसोसिएशन (IFEVA) द्वारा राजधानी के बीकानेर हाउस में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के साथ हुआ।

यह रैली 100 दिनों में 21,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करेगी। इसका उद्देश्य प्रदूषण मुक्त भारत का निर्माण, स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा, ईवी उद्योग में रोजगार के अवसर, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजनों को अवसर तथा स्टार्टअप्स को सहयोग देना है। साथ ही, एक वर्ष में 1 करोड़ पेड़ लगाने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में डॉ. शैलेन्द्र सरोज, अध्यक्ष IFEVA और डॉ. राजीव मिश्रा, अध्यक्ष IFEVA ने मीडिया को संबोधित करते हुए रैली के उद्देश्य, मिशन और राष्ट्रव्यापी प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर नीति आयोग के निदेशक सुधेन्दु ज्योति सिन्हा और नेशनल हाईवे फॉर ईवी (NHEV) के कार्यक्रम निदेशक एवं रैली के सह-संयोजक अभिजीत सिन्हा भी उपस्थित रहे। सुधेन्दु सिन्हा ने कहा कि “नीति आयोग और IFEVA मिलकर भारत की स्वच्छ ऊर्जा एवं ईवी क्रांति को गति देंगे।” वहीं, अभिजीत सिन्हा ने इस ऐतिहासिक 100 दिवसीय यात्रा में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

समारोह में उद्योगपति, नौकरशाह, कॉरपोरेट अधिकारी, आध्यात्मिक गुरु, वैदिक पुरोहित और लाफ्टर क्लब के सदस्य शामिल हुए। आयोजन हरित परिवहन की दिशा में औद्योगिक, सामाजिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बना।

Comment here