Uncategorized

दिल्ली में दिखेगी जनजातीय संस्कृति की भव्य झलक, 24 मई को लालकिला मैदान में जुटेंगे 1.5 लाख लोग

राजधानी दिल्ली 24 मई को एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद खास आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। देशभर से आए जनजाति समाज के करीब 1.5 लाख लोग पारंपरिक वेशभूषा और लोक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य शोभायात्रा निकालते हुए लालकिला मैदान पहुंचेंगे। यह नजारा दिल्लीवासियों के लिए अनूठा, अविस्मरणीय और रोमांच से भर देने वाला होगा।
लालकिला मैदान में आयोजित होने वाले वृहद जनजातीय सांस्कृतिक समागम से पहले कई किलोमीटर लंबी यह शोभायात्रा जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, विविधता, प्रकृति प्रेम और भारतीयता से गहरे जुड़ाव की जीवंत प्रस्तुति बनेगी। यात्रा के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से जनजातीय समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेगा।
यह आयोजन सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता और सामाजिक समरसता का संदेश भी देगा। गांव से लेकर शहर तक और पहाड़ों से लेकर जंगलों तक रहने वाले लोगों के एक होने का भाव इस आयोजन में साफ दिखाई देगा।
शोभायात्रा के लिए लालकिला के आसपास पांच प्रमुख मार्ग तय किए गए हैं। इनमें अजमेरी गेट, रामलीला मैदान, राजघाट, श्यामगिरि मंदिर और कुदेसिया पार्क शामिल हैं। 24 मई को दोपहर बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे जनजाति समाज के लोग इन मार्गों से शोभायात्रा के रूप में लालकिला मैदान की ओर प्रस्थान करेंगे।

Comment here