बिहार की राजनीति में उस वक्त नया विवाद खड़ा हो गया जब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में कटौती का मुद्दा सामने आया। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल और एनडीए सरकार के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
मंगलवार को दिल्ली से पटना लौटे लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी बेटी और सांसद मीसा भारती तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला।
तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य सरकार के पास बिहार के विकास के लिए कोई स्पष्ट विजन और रोडमैप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि बिहार की जनता मौजूदा हालात को देख रही है।
वहीं राजद सांसद मीसा भारती ने भी सुरक्षा में कटौती के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा और एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने अच्छी शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि कल अगर जनता का जनादेश राजद को मिलता है तो पार्टी भी जानती है कि ऐसे मामलों में क्या कदम उठाने हैं।
बता दें कि राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में कटौती को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। एक तरफ राजद इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कदम बता रही है, तो दूसरी ओर सरकार इसे प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बता रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Comment here