नई दिल्ली। क्राइम, सस्पेंस और डार्क कॉमेडी का अनोखा मिश्रण लेकर फिल्म ‘मोमाकू (मोटर, माचिस और कटर)’ अब OTT दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। फिल्म की कहानी तीन ऐसे किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जल्द अमीर बनने की चाह में एक ATM चुराकर उसे गांव के एक सुनसान ट्यूबवेल वाले कमरे में छिपा देते हैं। हालांकि, आसान दिखाई देने वाली यह योजना धीरे-धीरे भय, लालच, शक और धोखे के जाल में बदल जाती है।
फिल्म की पूरी कहानी एक ठंडी और तनावपूर्ण रात के दौरान घटित होती है, जहां तीनों किरदार ATM में रखी रकम तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती है, उनके बीच अविश्वास बढ़ने लगता है और हालात बेकाबू हो जाते हैं। कहानी में लगातार आने वाले ट्विस्ट दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का प्रयास करते हैं।
हरियाणा के ग्रामीण परिवेश में बनी इस फिल्म में अभिनेता यशपाल शर्मा, जतिन सरना और अपूर्वा अरोड़ा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन कुलदीप कुनाल ने किया है। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म में देसी परिवेश, दमदार संवाद और डार्क ह्यूमर के साथ एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देखने को मिलेगा।
क्राइम और थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए ‘मोमाकू’ एक दिलचस्प विकल्प साबित हो सकती है। यह फिल्म 4 जून से OTT प्लेटफॉर्म KableOne पर स्ट्रीम होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है, खासकर इसकी अनोखी कहानी और कलाकारों के दमदार अभिनय को लेकर।






Comment here