Politics

CJP आंदोलन पर अवध ओझा की सलाह: 100 लोग करें अनशन, बाकी घरों पर लगाएं झंडा

मशहूर कोचिंग शिक्षक और आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता अवध ओझा ने कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP को आंदोलन सफल बनाने के लिए अहम सुझाव दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से हिंसा और अराजकता से दूर रहने तथा आंदोलन को पूरी तरह संवैधानिक और अहिंसात्मक तरीके से चलाने की अपील की।
अवध ओझा ने कहा कि जंतर-मंतर पर केवल 100 प्रमुख लोग प्रतीकात्मक अनशन पर बैठें, जबकि बाकी समर्थक देशभर में अपने-अपने घरों पर कॉकरोच जनता पार्टी का झंडा लगाएं। उनका कहना है कि जब सरकार को हर घर पर पार्टी का झंडा दिखाई देगा, तो उसे जनता के समर्थन और अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने का संदेश मिलेगा।
वीडियो में ओझा कहते हैं, “प्रतीकात्मक अनशन करो। 100 प्रमुख लोग जंतर-मंतर पर बैठें और बाकी युवा पूरे देश में अपने घरों पर झंडे लगाएं। जब सरकार को दिखेगा कि हर घर में झंडा लगा हुआ है, तो उसे एहसास हो जाएगा कि वह गलत रास्ते पर जा रही है।”
उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह के बहकावे और उकसावे से बचने की सलाह देते हुए कहा कि लोकतंत्र में बदलाव का रास्ता संविधान से होकर जाता है। ओझा ने कहा, “जितने भी काम करना, संवैधानिक तरीके से करना। यह तुम्हारा देश है। बहुत आराम से तुम संवैधानिक ढंग से इस देश को बदल सकते हो। किसी भी भड़कावे में मत आना।”

Comment here