2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है।
बिहार के जमुई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि केवल मन में मान लेने से कुछ नहीं होता। अगर कोई चाहे तो खुद को अमेरिका का राष्ट्रपति या संयुक्त राष्ट्र का महासचिव भी मान सकता है, लेकिन राजनीति में सफलता पाने के लिए मेहनत, आत्ममंथन और अपनी गलतियों से सीखना बेहद जरूरी है।
चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपनी कमियों को दूर करने के बजाय भ्रम में जी रहा है। जब तक वे अपनी गलतियों को स्वीकार कर उनमें सुधार नहीं करेंगे, तब तक एनडीए लगातार चुनाव जीतता रहेगा।
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और सरकार की नीतियों पर जनता का मजबूत भरोसा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आता है। चुनाव हारने के बाद इंडी गठबंधन के दल एक मंच पर आने की कोशिश करते हैं, लेकिन जैसे ही चुनाव नजदीक आते हैं, सभी दल अलग-अलग राह पकड़ लेते हैं।
चिराग पासवान ने दावा किया कि विपक्ष की यही कमजोरी आने वाले चुनावों में भी एनडीए को फायदा पहुंचाएगी और जनता एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताएगी।
‘खुद को कुछ भी मान लेने से नहीं चलता’ राहुल गांधी पर चिराग पासवान का बड़ा बयान

Related tags :
Comment here