नई दिल्ली: गर्मी के मौसम में अत्यधिक तापमान की वजह से कई तरह की जिस्मानी परेशानियां हो सकती हैं. इस मौसम में डिहाइड्रेशन, फूड पॉइजनिंग, घमौरियां और लू लगने का खतरा रहता है. इस समय स्वास्थ्य (Health) के प्रति ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है. ऐसे में जरूरी है कि गर्मियों में परिवार के खान-पान से लेकर पहनावे तक का पूरा ख्याल रखा जाए. इसके लिए जहां डाइट (Diet) में आसानी से पचने वाली चीजों को शामिल करना चाहिए, वहीं मौसमी फलों, सलाद आदि को भी अपनी डाइट में जरूर शामिल करें. इसके अलावा कुछ अन्य एहतियात बरत कर भी आप अपनी और अपने परिवार की सेहत (Family Health) का ख्याल रख सकते हैं-
लू से बचने को करें ये काम
गर्मियों में लू लगने का खतरा रहता है. ऐसे में इससे बचाव के लिए खाने में सलाद में कच्चा प्याज जरूर शामिल करें. वहीं आम पन्ना, लस्सी, बेल का शर्बत, पुदीने की चटनी, ड्रिंक्स आदि लेते रहें.
धूप से करें बचाव
कोशिश करें की अनावश्यक धूप में न निकलें, अगर किसी आवश्यक कार्य से जाना भी हो तो सर पर धूप न लगने दें। पैदल चलने पर छतरी का प्रयोग करें।
बासी खाने से बचें
खाने के मामले में भी पूरी सावधानी बरतें. बासी या लंबे समय तक रखा खाना न खाएं. ज्यादा तला भुना और मसालेदार खाना खाने से बचें. ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करें जिनसे गर्मी में ठंडक रहे. वहीं खाने पीने की जो चीजें बाजार से लें उनकी एक्सपायरी डेट चेक जरूर कर लें. ताकि खराब चीजें खाकर आप बीमार न पड़ें.
न होने दें पानी की कमी
गर्मी में शरीर में पानी की कमी न होने दें. पानी के अलावा अन्य एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन करते रहें. इससे शरीर को ताकत मिलेगी और शरीर में पानी की कमी भी पूरी होती रहेगी. इसके लिए आप छाछ, फलों का जूस, मिल्क शेक आदि को लें. अपनी डाइट में खीरा और ककड़ी जैसी चीजें शामिल करें.
बच्चों का रखें ख्याल
बच्चों की त्वचा बहुत नाजुक होती है. अगर आप नहीं चाहते कि उनकी स्किन पर गर्मी का प्रभाव पड़े तो उनकी स्किन पर सनस्क्रीन लगाना न भूलें. शरीर को धूप से बचाने के लिए टी-शर्ट, सूती और ढीले कपड़े पहनकर रहें. गर्मियों में कॉटन और चिकन के कपड़े ठंडक देते हैं. वहीं हल्के रंगों के कपड़े पहनें. इससे गर्मी कम लगती है.
गर्मियों में करें विशेष योग
गर्मी का मौसम आलस और सुस्ती का है। गर्मी के कारण लोगों को बहुत सी स्वास्थ संबंधी समस्याएं होने लगती है। ऐसे में कुछ योग आसान और प्रणायाम के जरिए हम शरीर को तंदुरुस्त और ठंडा रख सकते है। उम्र के हर पड़ाव के अनुसार शरीर के लिए अलग-अलग योगासन हैं। इसलिए जानिए उम्र के हिसाब से कौन सा योग आपके लिए फिट है। यहां यह ध्यान रखने की बात हैं कि इन आसनों को सर्दी के मौसम में करने से बचना चाहिए अथवा किसी अनुभवी योग गुरू की देखरेख में ही करना चाहिए।
शीतली प्राणायाम
बच्चों के शरीर को ठंडक देने के लिए शीतली प्राणायाम करवा सकते है। शुरुआत में दो मिनट करें फिर धीरे-धीरे इसका समय बढ़ाएं। इससे नकारात्मक भाव खत्म होता है। इसके अलावा वृक्षासन, ताड़ासन भी बच्चों के लिए लाभकारी है। इससे हाइट और एकाग्रता बढ़ती है। अस्थमा की दिक्कत है तो अपनी क्षमता के अनुसार ही करें। योग आराम से करें जल्दबाजी न करें। बच्चों को योग कराने से पहले योग विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
शशांक आसन
व्यस्कों के लिए शशांक आसन बेहतर है। इससे रक्त प्रवाह ठीक रहता है। मस्तिष्क, आंख व याद्दाश्त ठीक रहती है। इससे शांति मिलती है व चिंता से छुटकारा मिलता है। फेफड़े और पाचन तंत्र मजबूत होता है। उच्च रक्तचाप या चक्कर आने की दिक्कत रहती है तो इसे बिलकुल भी न करें।
युवावर्ग का जीवन भागदौड भरा हो गया है। इसके साथ ही जीवनशैली में तनाव भी बहुत है। गर्मियों में पवनमुक्त आसन युवाओं के लिए लाभकारी है। इससे पाचनतंत्र अच्छा रहने के साथ शरीर लचीला बनता है और पूरे शरीर को ठंडक मिलती है । युवाओं को ध्यान केंद्रित करने की भी जरूरत होती है। इसके लिए ‘ओम’ शब्द का उच्चारण ***** कर विचारों को स्थिर कर सकते है। यदि कोई ऑपरेशन हुआ है तो ये आसन कतई न करें। इससे सेहत को नुकसान हो सकता है।

Comment here