राष्ट्र समाचार संवादाता: बिहार के नालंदा में हत्या के बाद आत्महत्या (Suicide) करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक सिरफिरे आशिक ने किसी और की दुल्हन बन चुकी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद भी सुसाइड कर लिया। घटना नालन्दा जिले के भागनबिगहा थाना इलाके के तूफानगंज गांव की है। सिरफिरे आशिक ने बोलेरो सवार नवविवाहिता को गोली मारने के बाद स्वयं को भी गोली मार लिया, जिससे दोनों की मौत हो गयी।

मृतका नूरसराय थाना इलाके के केवई निवासी संदीप कुमार की 21 वर्षीया पुत्री शबनम उर्फ बिंदु कुमारी है, जबकि मृतक युवक सिलाव निवासी राजपाल कुमार है. जानकारी के मुताबिक, ससुराल से शबनम उर्फ बिंदु मायके जाने के लिए निकली थी इसी दौरान उसके प्रेमी ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक करके उसे अपने साथ चलने को कहा, लड़की के मना करने पर उसे वहीं खुलेआम गोली मारकर हत्या कर दी।
26 मई को हुई थी शादी
मृतका के परिजनों ने बताया कि 26 मई को शबनम उर्फ बिंदु की शादी रहुई थाना इलाके के शाहपुर गांव निवासी विकास कुमार से हुई थी. वह अपने चचेरे देवर के साथ ससुराल से मायके आ रही थी, इसी बीच पहले से घात लगाए युवक ने हथियार का भय दिखाकर बोलेरो को रुकवा दिया. इसके बाद जबरन युवती को उतारने लगा. इस पर युवती ने इनकार कर दिया तो उस सिरफिरे आशिक ने पहले उसके सिर में गोली मार मारने के बाद खुद को भी सिर में गोली मार ली. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और स्थानीय थाना को सूचना दी गई.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भागनबिगहा ओपी थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में बिहारशरीफ लाया गया जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में युवक को पटना रेफर कर दिया गया जहां इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में युवक की भी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संजय कुमार अस्पताल पंहुचे और घटना की जानकारी ली. उन्होने बताया कि प्रेम-प्रसंग में घटना को अंजाम दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

Comment here