CrimeNationalPolitics

BJP विधायक की ग्रेजुएट भांजी ने शादी से एक दिन पहले 8वीं पास प्रेमी के साथ भागकर की लव- मैरिज, सरकारी शिक्षक के साथ तय हुई थी शादी, बोली- मामा और भाई मरवा देंगे

महेंद्र यादव, राष्ट्र समाचार संवादाता: उत्तर प्रदेश के कौशांबी से भाजपा विधायक लाल बहादुर चौधरी की भांजी ने अपने मामा से जान का खतरा बताया है। भांजी का कहना है कि उसकी शादी 24 मई को होनी थी, लेकिन उससे एक दिन पहले उसने भागकर 23 मई को कानपुर में अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली। पुलिस ने लड़के के घर वालों पर दबाव बनाया तो दोनों घर लौट आए और थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें थाने में ही बैठा रखा है। लड़की ने ऑनर किलिंग का अंदेशा जताया है। युवती की शादी सरकारी टीचर से तय थी। वह खुद भी ग्रेजुएट है। जबकि उसका प्रेमी 8वीं पास है। वह गांव में रहकर परिवार की खेती में हाथ बंटाता है।

23 मई को दोनों फरार होकर कानपुर पहुंचे थे

करारी इलाके के इशाकपुर पथराकला गांव निवासी रीना चौधरी विधायक लाल बहादुर चौधरी की सगी भांजी है। वह गांव के ही गैर बिरादरी के धारा सिंह यादव से प्रेम करती है। इस बात की जानकारी होने पर रीना की परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। शादी कौशांबी के ही बड़हरी गांव के रहने वाले प्राइमरी टीचर से 24 मई को होनी थी।

लेकिन इससे पहले 23 मई को रीना अपने प्रेमी धारा सिंह के साथ कानपुर भाग गई। उसने वहां 28 मई को विजय नगर स्थित आर्य समाज की मंदिर में प्रेमी के साथ शादी कर ली। इधर, युवती के इस प्रकार प्रेमी के साथ भाग जाने से खफा परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। आरोप है कि परिजनों ने सदर विधायक के साथ मिल कर युवक के परिजनों पर दबाव बनाया। इसको लेकर दहशत में आए युवक के परिजनों ने घर छोड़ दिया।

वीडियो जारी करके कहा-दोनों की कभी हो सकती है हत्या

वहीं, आर्य समाज मंदिर से शादी रचाकर प्रेमी युगल शनिवार रात जब घर लौटे तो स्थानीय पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने में बैठा रखा है। यहां पर प्रेमी युगल ने एक वीडियो जारी अपनी जान को खतरा बताया है। युवती ने अपने विधायक मामा और भाई पर ऑनर किलिंग का खतरा जाहिर किया है। कहा है कि कभी भी दोनों की हत्या की जा सकती है।

थाने में शूट किया गया वीडियो

भांजी ने विधायक के प्रयागराज स्थित घर में रहकर बीएससी की पढ़ाई की है। वहीं, उसका प्रेमी धारा सिंह आठवीं तक पढ़ा है। गांव में रहकर पिता के साथ खेतीबारी में हाथ बंटाता है। पुलिस सूत्र बताते है कि पीड़ित प्रेमी प्रेमिका का वायरल वीडियो करारी थाना परिसर में ही बना कर किया गया है।

विधायक ने कहा- उन्हें कुछ पता नहीं

उधर, वीडियो सामने आने के बाद विधायक लाल बहादुर चौधरी ने मामले से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने वायरल वीडियो को फर्जी करार दिया। कहा कि इस तरह के किसी प्रकरण की जानकारी उन्हें नहीं है।

SSP बोले- विधायक की भांजी होने के कारण डर हो सकता है

उधर, एएसपी समर बहादुर ने बताया कि युवक-युवती थाना करारी पुलिस की सुरक्षा में है। देर रात पुलिस के पास दोनों खुद ही अपनी बात रखने के लिए पहुंचे हैं। विधायक की भांजी होने के कारण डर हो सकता है। प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Comment here