उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। मंगलवार को दो दिनों की देरी के बाद मानसून ने अपने पारंपरिक सोनभद्र मार्ग को छोड़ते हुए बलिया जिले की पूर्वी सीमा से उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अब तेजी से पूर्वांचल के अन्य जिलों की ओर बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि आजमगढ़ मंडल के रास्ते प्रदेश में पहुंचा मानसून जल्द ही आसपास के जिलों को भी अपने प्रभाव में ले लेगा, जिससे व्यापक स्तर पर बारिश देखने को मिल सकती है।
पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मानसूनी बादलों के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना बनेगा। वहीं, पूर्वांचल में जारी हीट वेव का खतरा भी अब धीरे-धीरे समाप्त होने की ओर है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

Comment here