नई दिल्ली | भारत के प्रथम विश्व शांति केन्द्र गुरुग्राम से प्रारंभ होकर अमेरिका की संसद (कैपिटल हिल) तक पहुँचे ऐतिहासिक ‘We Support Peace’ अभियान के सफल संचालन के पश्चात भारत लौटे अभियान के प्रवर्तक एवं विश्व शांतिदूत जैन आचार्य लोकेशजी का विश्व शांति केंद्र में जैन संतों, सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर श्रमण संघीय उपप्रवर्तक पंकज मुनि जी महाराज, वरुण मुनि जी महाराज तथा रुपेश मुनि जी महाराज ने आचार्य लोकेशजी को शाल, माला एवं साहित्य भेंट कर उनका सम्मान किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया तथा विश्व शांति के लिए किए जा रहे उनके सतत प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर वरुण मुनि जी महाराज ने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, हिंसा, आतंकवाद और वैचारिक संघर्षों से जूझ रहा है, ऐसे समय में आचार्य लोकेशजी का ‘We Support Peace’ अभियान संपूर्ण मानवता के लिए आशा की नई किरण बनकर उभरा है। उन्होंने अमेरिका की संसद तक अहिंसा, संवाद और विश्वबंधुत्व का संदेश पहुँचाकर भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति तथा भगवान महावीर के सिद्धांतों का गौरव बढ़ाया है। यह अभियान केवल भारत का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के उज्ज्वल भविष्य का अभियान है।
‘We Support Peace’ अभियान के प्रवर्तक आचार्य लोकेश जी ने कहा कि विश्व शांति केन्द्र से प्रारंभ हुआ ‘We Support Peace’ अभियान अब एक वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। अमेरिका में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट—दोनों दलों के सांसदों द्वारा इस अभियान का समर्थन यह दर्शाता है कि शांति किसी राजनीतिक विचारधारा का विषय नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता की आवश्यकता है। भारत भगवान महावीर, भगवान बुद्ध, महात्मा गांधी और अनेक संत-महापुरुषों की अहिंसा एवं शांति की परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। यही संदेश आज पूरे विश्व को जोड़ सकता है। हमारा संकल्प केवल युद्धों का विरोध करना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण निर्मित करना है जहाँ संवाद संघर्ष का स्थान ले, करुणा घृणा पर विजय प्राप्त करे और मानवता विभाजन से ऊपर उठकर एक वैश्विक परिवार के रूप में आगे बढ़े। “We Support Peace” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और शांतिमय भविष्य का वैश्विक संकल्प है।उन्होंने कहा कि यह अभिनन्दन मेरा नहीं, भगवान महावीर के दर्शन और भारतीय संस्कृति का है।
महावीर इंटरनेशनल के चेयरमैन श्री हितेश जैन ने आचार्य लोकेशजी के मानवतावादी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आचार्य लोकेशजी ने विश्व के अनेक देशों में जैन धर्म, भारतीय संस्कृति और अहिंसा के सार्वभौमिक संदेश को प्रतिष्ठित किया है। अमेरिका की संसद में विश्व शांति का संदेश देकर उन्होंने भारत का गौरव बढ़ाया है। उनका जीवन समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और विश्वबंधुत्व के प्रति समर्पित है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में श्रमण संघीय महामंत्री श्री संजय जैन, श्री सौरभ जैन, श्रीमती शिप्रा जैन, श्री मनोज जैन, श्री रितु जैन, श्री प्रदीप जैन ने आचार्य लोकेशजी को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व शांति मिशन की निरंतर सफलता की मंगलकामना की।
समारोह का वातावरण उस समय अत्यंत भावपूर्ण हो गया जब पूज्य रुपेश मुनि जी महाराज ने आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपूर्ण वातावरण भक्ति, आध्यात्मिक ऊर्जा और विश्व शांति के संकल्प से ओत-प्रोत हो उठा।

Comment here