National

पटना में बढ़ता पानी बना मुसीबत, गंगा-पुनपुन ने बढ़ाई टेंशन

पटना में गंगा समेत कई नदियों के बढ़ते जलस्तर ने लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। गंगा का पानी अब पटना सिटी के निचले इलाकों तक पहुंचने लगा है। नदी किनारे बसे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर होती जा रही है।

इसी बीच पुनपुन नदी के रिंग बांध में रिसाव की सूचना सामने आने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
बता दें कि बांध टूटने का खतरा नहीं बताया जा रहा है, लेकिन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर तैनात है।

रिसाव वाले हिस्से को रोकने के लिए बालू से भरी बोरियां और बांस लगाए जा रहे हैं। टीम लगातार बांध की निगरानी कर रही है, ताकि पानी का दबाव बढ़ने से स्थिति बिगड़ने न पाए।

वहीं गंगा का बढ़ता पानी अब शहर की सड़कों और घरों तक पहुंचने लगा है। जेपी गंगा पथ के पास सर्विस रोड पानी में डूब गई, जिसके बाद इसे बंद कर दिया गया है। कंगन घाट और आसपास के इलाकों में भी जलजमाव बढ़ रहा है।
भद्र घाट के पास सड़क पर पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Comment here