ग्रेटर नोएडा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ईकोटेक वन कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाइजीरियाई मूल के दो विदेशी नागरिकों को प्रतिबंधित मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर कॉलेजों और रिहायशी सोसायटियों में ऑनलाइन डिमांड लेते थे और छात्रों तक ड्रग्स की सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 39.27 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए और मेथामफेटामाइन श्रेणी के ड्रग्स, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दिल्ली नंबर की स्कूटी बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी करीब पांच हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से ड्रग्स बेचते थे।
डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान भूमि कट के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एंथनी चिनवुबा उर्फ डेविड और अमोस मूसा उर्फ लकी के रूप में हुई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।

Comment here