वृंदावन के प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही एक बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। अब मंदिर में दर्शन करने वाले भक्तों को तिरुपति मंदिर की तर्ज पर प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति इस योजना को अमलीजामा पहनाने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार करने हेतु मंदिर के आसपास उपयुक्त और बड़े स्थान की तलाश की जा रही है।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर में प्रसाद वितरण की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में दर्शन के बाद अधिकांश श्रद्धालु ठाकुरजी के प्रसाद से वंचित रह जाते हैं।
बता दें कि सेवायत अपने यजमानों और विशेष अतिथियों को प्रसाद भेंट करते हैं, लेकिन आम श्रद्धालुओं को यह सुविधा नहीं मिल पाती। अब नई व्यवस्था के तहत हर श्रद्धालु को दर्शन के बाद प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा।
मंदिर प्रबंधन समिति का मानना है कि जल्द ही इस योजना को अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा, जिससे बांकेबिहारी जी के दर्शन के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद का लाभ भी मिल सकेगा।

Comment here