गरीब कैंसर मरीजों के लिए राहत की खबर है। श्री हनुमान बालाजी चेरिटेबल डायग्नोस्टिक सेंटर ने कड़कड़डूमा, दिल्ली में अत्याधुनिक कैंसर उपचार केंद्र की शुरुआत की है। यह केंद्र पूरी तरह सेवा-प्रधान मॉडल पर आधारित है, जिसमें विश्वस्तरीय तकनीक जैसे Siemens Biograph Horizon PET-CT और Varian TrueBeam रेडिएशन जैसी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
ट्रस्ट अध्यक्ष विनोद बिंदल और उपाध्यक्ष डॉ. प्रियंका ठाकरान ने बताया कि यहां ब्रेन, लंग्स, ब्रेस्ट, पैंक्रियाज, प्रोस्टेट सहित सभी प्रमुख कैंसर का इलाज किया जाएगा। जहां निजी अस्पतालों में रेडिएशन थेरेपी के पैकेज ₹3.5 लाख तक होते हैं, वहीं यह सेवा यहां मात्र ₹80,000 में उपलब्ध कराई जाएगी। PET-CT स्कैन जिसकी कीमत अन्यत्र ₹25,000 तक है, यहां ₹8,500 में किया जाएगा।
यह केंद्र 1 मिमी तक की सटीकता से कैंसरग्रस्त भाग पर रेडिएशन करता है, जिससे बाकी शरीर सुरक्षित रहता है। मरीजों से कोई छुपा शुल्क नहीं लिया जाएगा और सभी रिपोर्टें डिजिटल रूप से शीघ्र भेजी जाएंगी।
बता दें कि 60 IPD बेड की सुविधा है, जिसे शीघ्र ही 175 बेड तक विस्तारित करने की योजना है। सभी चिकित्सक ट्रस्ट से ही संबद्ध हैं। उद्घाटन अवसर पर प्रसार भारती के पूर्व चेयरमैन विजय गोपाल जिंदल, जिंदल SAW लिमिटेड के नरेंद्र मंत्री, इंडियन पोटाश लिमिटेड के पी.एस. गहलोत सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
यह संस्थान गरीब मरीजों के लिए एक नई उम्मीद बनकर सामने आया है, जो ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के मूल मंत्र पर आधारित है।

Comment here