public

गर्मी की छुट्टियों पर सीएम योगी की बच्चों को खास पाती, बोले- ननिहाल-ददिहाल जरूर जाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रदेश के बच्चों और उनके अभिभावकों के नाम एक भावनात्मक पाती (पत्र) लिखी है। गर्मी की छुट्टियों के अवसर पर लिखे गए इस पत्र में मुख्यमंत्री ने बच्चों को नई चीजें सीखने, परिवार के साथ समय बिताने और प्रकृति के करीब रहने की प्रेरणा दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि गर्मी की छुट्टियां बच्चों के लिए आनंद, उत्साह और नए अनुभवों का समय होती हैं। स्कूल की व्यस्त दिनचर्या से राहत मिलने के बाद बच्चों का मन कुछ नया सीखने, नई जगहों को देखने और अपनों के साथ यादगार पल बिताने को उत्सुक रहता है।
सीएम योगी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल और ददिहाल जरूर लेकर जाएं। इससे बच्चों का पारिवारिक जुड़ाव मजबूत होगा और वे अपने संस्कारों व रिश्तों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को प्रकृति के करीब लाने का प्रयास किया जाए। पेड़-पौधों, गांव के वातावरण और पारंपरिक जीवनशैली से जुड़कर बच्चे नई सीख हासिल कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को छुट्टियों का सदुपयोग करने, रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी सलाह दी।

Comment here